पोर्टो अलेग्रे का पानी : सार्वजनिक और सबके लिए 1 -हेलिओ माल्ट्ज

सफल सार्वजनिक पानी

दुनिया भर में अपने सहभागितापूर्ण लोकतंत्रके लिए सुप्रसिद्ध पोर्टो अलेग्रे ब्राजील के सबसे दक्षिणी राज्य रियो डो सुल की राजधानी है। पोर्टो अलेग्रे को इस बात का भी गौरव प्राप्त है कि वह उस सफल सार्वजनिक जल और सफाई सुविधा डी.एम.ए.ई का गृहस्थल भी है जो निजीकरण की प्रवृत्ति का विरोध करने के लिए एक मॉडल बन गई है।

सन् 2004 में पोर्टो अलेग्रे को ब्राजील की राजधानी बनाने पर विचार किया गया था क्योंकि वहां जीवन की गुणवत्ता सर्वोच्च थी और मानव विकास सूचकांक सर्वश्रेष्ठ। निश्चय ही पानी और सफाई का इन दोनों बातों से कुछ सरोकार तो है ही।

डी.एम.ए.ई. सार्वजनिक स्वामित्व वाली जल सुविधा है जो पानी और सफाई के कार्यक्रमों के माध्यम से सामाजिक एकता पर गहन रूप से केंद्रित है और पर्यावरण सुरक्षा से जुड़े नगर विकास के लिए प्रतिबद्ध है। यह प्रशासनिक और वित्तीय दृष्टि से नगर प्रशासन से स्वतंत्र है लेकिन राजनीतिक और विनियामक मुद्दों पर उसके अधीन है। पोर्टो अलेग्रे में पानी और सफाई का इतिहास 1800 के दशक के प्रारंभिक वर्षों से शुरू होता है। 1961 तक पानी और सफाई का प्रबंधन केंद्रीय प्रशासन के नगरीय विभाग द्वारा किया
जाता था। जब नगर ने 1950 के दशक के अंतिम वर्षों में जल सेवाओं के विस्तार के लिए एक कर्ज लेने का फैसला किया तो नगर परिषद ने जल विभाग को एक स्वायत्त रूप से प्रशासित, वित्तीय रूप से आत्मनिर्भर और नगरपालिका के स्वामित्व वाली सुविधा में रूपांतरित करने का फैसला किया। ऐसा इसलिए किया गया था क्योंकि इंटर अमेरिकन डेवलपमेंट बैंक (आई.ए.डी.बी.) ने कर्ज की वापसी पर गारंटी की मांग की थी। इस निर्णय से डी.एम.ए.ई. को भवन की कीमत के हिसाब से लगाये जाने वाले संपत्ति कर से जल उपभोग पर आधारित शुल्क की ओर जाने की अनुमति मिल गयी।
वित्तीय रूप से स्वतंत्र होने के साथ ही डी.एम.ए.ई. के निर्माण की कुछ अन्य
विशेषताएं भी महत्वपूर्ण थीं जैसे कि विमर्शी परिषद का सक्रिय होना। यह 40 से अधिक वर्षों से एक महत्वपूर्ण इकाई रही है और समाज द्वारा 'सामाजिक नियंत्रण' को अमल में लाती है जिसके कारण विभाग का अपने प्रशासनिक कामों में पूरी तरह पारदर्शी होना संभव होता है। जिन महत्वपूर्ण विशेषताओं के कारण डी.एम.ए.ई. जल निजीकरण का एक अंतर्राष्ट्रीय वैकल्पिक मॉडल बन गयी है, वे हैं- वित्तीय और तकनीकी दोनों अर्थों में इसकी सामर्थ्य और सुरक्षित जल व पर्यावरण की सुरक्षा के संदर्भ में इसकी जवाबदेही। लेकिन इसकी एक बहुत महत्वपूर्ण और विशिष्ट विशेषता है सहभागी बजट सम्बंधी निर्णय लेने की जनतांत्रिक प्रक्रिया।

1994 तक ब्राजील की अर्थव्यवस्था में मौद्रिक परिवर्तनों और जबर्दस्त मुद्रास्फीति के कारण बारबार आकस्मिक परिवर्तन आते रहे। इसके बावजूद डी.एम.ए.ई. नगर सेवा को बनाये रख सकी थी और उसका विस्तार कर सकी थी। यह इस बात का एक और प्रमाण है कि सुसंचालित सार्वजनिक सेवा कठिन परिस्थितियों में भी सफल होने में सक्षम होती है।

“लेके रहेंगे अपना पानी” से पाठ 10...............
वेब प्रस्तुति- मीनाक्षी अरोड़ा
साभार-इंसाफ

Hindi India Water Portal

Issues