एक अकालजयी पुस्तक - आज भी खरे हैं तालाब
ऐसी विरली ही पुस्तकें होती हैं जो न केवल पाठक तलाशती हैं, बल्कि तलाशे पाठकों को कर्मठ सामाजिक कार्यकर्ता के रूप में तराशती भी हैं. अपनी प्रसन्न जल जैसी शैली तथा देश के जल स्रोतों के मर्म को दर्शाती एक पुस्तक ने भी देश को हजारों कर्मठ कार्यकर्ता दिए हैं. पुस्तक का नाम है ‘आज भी खरे हैं तालाब’. श्री अनुपम मिश्र द्वारा लिखित तथा गांधी शांति प्रतिष्ठान, नई दिल्ली द्वारा प्रकाशित पुस्तक का पहला संस्करण 1993 में छपा. पांचवां संस्करण 2004 में छपा और कुल प्रतियां 23000 छपीं. लेकिन 93 से 2004 के बीच पुस्तक ने देश भर में आवारा मसीहा की तरह घूम-घूम कर अपने-अपने क्षेत्र के जल स्रोतों को बचाने की अलख जगा दी और यह सिलसिला आज भी जारी है.
अपने देश में बेजोड़ सुंदर तालाबों की कैसी भव्य परंपरा थी, पुस्तक उसका पूरा दर्शन कराती है. तालाब बनाने की विधियों के साथ-साथ अनुपमजी की लेखनी उन गुमनाम नायकों को भी अंधेरे कोनों से ढूढ लाती है, जो विकास के नए पैमानों के कारण बिसरा दिए गए हैं.
पुस्तक के बारे में मूर्धन्य पत्रकार प्रभाष जोशी ने इसके छपने के तुरंत बाद ही जो लिखा था वही शायद इस पुस्तक को सही स्थान देने की सही कोशिश कर पाता है. प्रभाष जी के लेख के कुछ अंश ज्यों के त्यों दायीं तरफ़ दिए गए बक्से में है.
पुस्तक के पहले संस्करण के बाद देशभर में पहली बार अपने प्राचीन जल स्रोतों को बचाने की बहस चली, लोगों ने जगह-जगह बुजुर्गों की तरह बिखरे तालाबों की सुध लेनी शुरू की. इसकी गाथा बेशक लंबी है, लेकिन फिर भी देखने का प्रयास करते हैं.
मैगसेसे पुरस्कार से सम्मानित जल राणा राजेंद्र सिंह बताते हैं कि राजस्थान की उनकी संस्था तरुण भारत संघ के पानी बचाने के बड़े काम को सफल बनाने में इस पुस्तक का बहुत बड़ा हाथ है. मध्यप्रदेश के सागर जिले के कलेक्टर श्री बी. आर. नायडू, जिन्हें हिंदी भी ठीक से नहीं आती थी, पुस्तक पढ़ने के बाद इतना प्रभावित हुए कि जगह-जगह लोगों से कहते फिरे, ‘अपने तालाब बचाओ, तालाब बचाओ, प्रशासन आज नहीं तो कल अवश्य चेतेगा.’ श्री नायडू की ये मामूली अलख सागर जिले के 1000 तालाबों को निरंजन कर गई. ऐसी ही एक और अलख के कारण शिवपुरी जिले के लगभग 340 तालाबों की सुध ली गई. मध्यप्रदेश के ही सीधी और दमोह के कलेक्टरों ने भी अपने-अपने क्षेत्रों में इस पुस्तक की सौ-सौ प्रतिया बांटी.
पानी के लिए तरसते गुजरात के भुज के हीरा व्यापारियों ने इस पुस्तक से प्रभावित होकर अपने पूरे क्षेत्र में जल-संरक्षण की मुहिम चलाई. पुस्तक से प्रेरणा पाकर पूरे सौराष्ट्र में ऐसी अनेक यात्राएं निकाली गईं. पानी बचाने के लिए सबसे दक्ष माने गए राजस्थान के समाज को भी इस पुस्तक ने नवजीवन दिया. राजस्थान के प्रत्येक कोने में पुस्तक के प्रभाव के कारण सैकड़ों जल-यात्राओं के साथ-साथ हजारों पुरातन जल-स्रोत संभाले गए. ऐसी अनेक यात्राएं आज भी जारी हैं.
जयपुर जिले के ही सालों से अकालग्रस्त लापोड़िया गांव ने इस पुस्तक को आत्मा में बसाया. लापोड़िया गांव ने पुस्तक से प्रेरणा पाकर न केवल अपनी जलगाहें बचाईं, बल्कि अपने प्रदेश की चारागाहें तथा गोचर भी बचाए. लापोड़िया के सामूहिक प्रयासों का नतीजा यह रहा कि आज 300 घरों का लापोड़िया जयपुर डेयरी को चालीस लाख वार्षिक का दूध दे रहा है. जल-जंगल संरक्षण के ऐसे ही आंदोलनों से लापोड़िया को लक्ष्मण सिंह जैसा नेतृत्व क्षमता वाला नायक मिला. उनकी इन्ही क्षमताओं के कारण आज लापोड़िया के आसपास के 300 गांव अपने पैरों पर खड़े हो रहे हैं. शहरों की ओर पलायन में निरंतर गिरावट आई है.
पुस्तक का प्रभाव उत्तरांचल में भी हुआ. यहां पौड़ी-गढ़वाल के उफरेखाल क्षेत्र के दूधातोली लोक विकास संस्थान के श्री सच्चिदानंद भारती ने पुस्तक से प्रेरणा पाकर पहाड़ी क्षेत्रों की विस्तृत चालों(पानी बचाने के लिए पहाड़ी तलाई) को पुनर्जीवित करने का काम शुरू किया. इस दौरान पिछले 13 सालों में उन्होंने 13 हजार चालों को बचाया-बनाया. उनके इन्हीं प्रयासों से उजड़े हिमालय के शीश पर फिर से हरियाली का मुकुट दिखने लगा है.
गैर हिंदी भाषी राज्य कर्नाटक में इस पुस्तक का सीधा प्रभाव राज्य सरकार पर पड़ा. कर्नाटक सरकार ने तालाब बचाने का काम सीधे अपने ही हाथ में ले लिया और वहां एक जल ‘संवर्धन योजना संघ’ बनाया गया तथा विश्व बैंक की मदद से पूरे राज्य के तालाब बचाने की योजना तैयार की गई है. इसी राज्य की ही इंफोसिस कंपनी के मालिक श्री नारायणमूर्ति की पत्नी सुधामूर्ति ने इस पुस्तक का कन्नड़ में अनुवाद किया है और 50 हजार प्रतियां छपवाकर कर्नाटक की प्रत्येक पंचायत में भिजवाने की योजना बनाई है.
हरित क्रांति के जेहादी नारे के बाद निरंतर रेगिस्तान की ओर अग्रसर पंजाब में इस पुस्तक का नाद सुनाई दिया. सर्वप्रथम इसका पंजाबी अनुवाद मालेरकोटला से प्रकाशित ‘तरकश’ नामक पत्रिका में शुरू हुआ. फिर इसका एक संक्षिप्त पंजाबी संस्करण छपा जो मुफ्त में बांटा गया. कुछ वर्षों बाद इसके अनुवाद के साथ पंजाब के सुख-दुख जोड़कर एक पुस्तक की शक्ल दी गई. इस नए अनुवाद का व्यापक प्रभाव रहा. पंजाब के साहित्यकारों, आलोचकों, लोकगायकों, सामाजिक-धार्मिक संस्थाओं के साथ-साथ प्रमुख संतों, यहां तक कि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के सदस्यों पर भी इसका खासा प्रभाव पड़ा. पंजाबी अनुवाद का श्री गुरुनानक देवजी की नदी का उद्धार करने वाले संत बलवीर सीचेवालजी ने बेहद रचनात्मक उपयोग किया. वे अब नदी किनारे होने वाले वार्षिक साहित्यिक सम्मेलनों में पुस्तक खरीद कर रचनाधर्मियों को भेंट करते हैं. पंजाब के लोकगायकों ने इस पुस्तक को पढ़ने के बाद अपने तरीके से जलस्रोतों को बचाने की मुहिम शुरू की है. देश के अधिकतर लेखक तथा प्रकाशक पुस्तकें न पढ़ने वाले पाठकों का रोना रोते हैं. पर वे शायद ये भूल जाते हैं कि पुस्तकों का सच्चा अर्थ समाज के नाम लिखा प्रेम-पत्र होता है. और कितनी पुस्तकें ऐसी होती हैं, जिनमें समाज के लिए प्रेम भरा होता है? श्री अनुपम मिश्र की इस कृति ने यही काम किया है. ‘आज भी खरे हैं तालाब’ पुस्तक न केवल धरती का, बल्कि मन-माथे का अकाल भी दूर करती है.
बंगाल का किस्सा भी मजेदार है. जहाज से हथियार गिराए जाने के बाद सूर्खियों में आए पुरुलिया नामक कस्बे की एक घुमक्कड़ पत्रकार निरुपमा अधिकारी वहां के एक अकाल क्षेत्र का दौरा करती-करती अचानक हरियाली देखकर ठिठक गईं. गांव वालों से पता चला कि उस गांव में कुछ तालाब जिंदा थे, इसलिए वहां धरती के भीतर की नमी अभी शेष थी. तालाबों की उपयोगिता के बारे में निरुपमा की दृष्टि साफ होती चली गई. इसी बीच निरुपमा के एक मित्र ने उन्हें तालाब पुस्तक भेंट की. निरुपमा का जीवन पुस्तक पढ़ते-पढ़ते बदलता गया. रोजी-रोटी का पक्का प्रबंध न होने के बावजूद निरुपमा ने इसका बांग्ला अनुवाद किया. अब इस अनुवाद का दूसरा संस्करण भी छप चुका है.
कई राज्यों से गुजरते हुए पुस्तक के किस्से महाराष्ट्र भी पहुंचे. कभी जलसंसाधन मंत्रालय के सचिव रह चुके औरंगाबाद के प्रसिद्ध इंजीनियर माधव चितले की आंखों के सामने से जैसे ही यह पुस्तक गुजरी, उन्होंने इसके मराठी अनुवाद की तत्काल जरूरत महसूस की. बेशक यह पुस्तक आज की इंजीनियरिंग शिक्षा पद्धति को आईना दिखाता है, फिर भी माधवजी ने इसका मराठी अनुवाद ‘औरंगाबाद संस्कृति मंडल’ के सौजन्य से छापा.
भूकंप में ध्वस्त हो चुके गुजरात में भी इस पुस्तक का अनुवाद किया गया. श्री दिनेशभाई संघवी ने पुस्तक का अनुवाद किया तथा गुजराती समाचार पत्र ‘जन्मभूमि प्रवासी’ ने इसे धारावाहिक रूप में छापा.
देशभर में अमृत छिड़कने के बाद यह पुस्तक फ्रांस की एक लिखिका एनीमोंतो के हाथ लगी. एनीमोंतो ने इसे दक्षिण अफ्रीकी रेगिस्तानी क्षेत्रों में पानी के लिए तड़पते लोगों के लिए उपयोगी समझा. फिर उन्होंने इसका फ्रेंच अनुवाद किया. ताजा जानकारी के अनुसार पुस्तक के प्रभाव के कारण इस क्षेत्र में पानी की संभाल में काफी तेजी आई है.
भारत ज्ञान-विज्ञान परिषद् ने इसकी 25 हजार प्रतियां छापकर मुफ्त में बांटी. मध्यप्रदेश जनसंपर्क विभाग ने भी 25 हजार प्रतियां छापकर प्रदेश की प्रत्येक पंचायत तक पहुंचाया. भोपाल के राज्य संसाधन केंद्र ने इसकी 500 प्रतियां 500 गांवों में बांटी. अहमदाबाद की ‘उत्थान माहिती’ नामक संस्था ने 500 प्रतियां छापकर सामाजिक संस्थाओं में मुफ्त बांटी. नागपुर के स्वराज प्रकाशन ने 5 हजार प्रतियां छापकर मुफ्त में बांटी. बिहार के जमालपुर की संस्था ‘नई किताब’ ने भी इसकी 11 सौ प्रतियां बांटी. देशभर के 16 रेडियो स्टेशन पुस्तक को धारावाहिक रूप में ब्रॉडकास्ट कर चुके हैं. कपार्ट की सुहासिनी मुले ने इस पुस्तक पर बीस मिनट की फिल्म भी बनाई है. सीमा राणा की बनाई फिल्म दूरदर्शन पर आठ बार प्रसारित हो चुकी है.
भोपाल के शब्बीर कादरी ने पुस्तक का उर्दू अनुवाद किया और मध्यप्रदेश के मदरसों में मुफ्त में बांटी. उर्दू तथा पंजाबी अनुवाद पाकिस्तान भी पहुंच चुके है.
गुजरात की एक संस्था ‘समभाव’ के श्री फरहाद कांट्रैक्टर पर इस पुस्तक का गहरा प्रभाव पड़ा. श्री फरहाद राजस्थान के बीकानेर, जैसलमेर, बाड़मेर, अलवर, जोधपुर, महाराष्ट्र तथा गुजरात के कई हिस्सों में पुराने जल स्रोतों को बचाने के एक विराट काम में जुटे हैं. गुजरात की ही श्रीमती डेजी कांट्रेक्टर इस पुस्तक के अंग्रेजी अनुवाद कर रही हैं.
सदियों से ऐसी मान्यता है कि मनुष्य जाति का विकास मीठे जल-स्रोतों के मुहानों पर ही हुआ. जीवन के राग-विराग मनुष्य ने वहीं पर सीखे, लेकिन विकास की अंधी होड़ में मनुष्य के चारों ओर अंधेरा बढ़ता जा रहा है. इस अंधेरे की बाती को हम सब तथा हमारी तरह-तरह की नीतियां-प्रणालियां दिन-ब-दिन बुझाने की कोशिश में लगी हुई हैं.
देश के अधिकतर लेखक तथा प्रकाशक पुस्तकें न पढ़ने वाले पाठकों का रोना रोते हैं. पर वे शायद ये भूल जाते हैं कि पुस्तकों का सच्चा अर्थ समाज के नाम लिखा प्रेम-पत्र होता है. और कितनी पुस्तकें ऐसी होती हैं, जिनमें समाज के लिए प्रेम भरा होता है?
श्री अनुपम मिश्र की इस कृति ने यही काम किया है. ‘आज भी खरे हैं तालाब’ पुस्तक न केवल धरती का, बल्कि मन-माथे का अकाल भी दूर करती है.
सुरेंद्र बांसल
http://www.tehelkahindi.com
और अब अनुपम मिश्र ने 'आज भी खरे हैं तालाब' निकाली है. यह संपादित नहीं है. अनुपम ने ख़ुद लिखी है. नाम कहीं अन्दर है छोटा सा, लेकिन हिन्दी के चोटी के विद्वान् ऐसी सीधी सरल, आत्मीय और हर वाक्य में एक बात कहने वाली हिन्दी तो ज़रा लिखकर बताएं. जानकारी की तो बात कर ही नहीं रहा हूँ. अनुपम ने तालाब को भारतीय समाज में रखकर देखा है. समझा है. अद्भुत जानकारी इकट्ठी की है और उसे मोतियों की तरह पिरोया है. कोई भारतीय ही तालाब के बारे में ऐसी किताब लिख सकता है. लेकिन भारतीय इंजीनियर नहीं, शोधक विद्वान् नहीं, भारत के समाज और तालाब से उसके सम्बन्ध को सम्मान से समझने वाला विनम्र भारतीय. ऐसी सामग्री हिन्दी में ही नहीं अंग्रेज़ी और किसी भी भारतीय भाषा में आपको तालाब पर नहीं मिलेगी. तालाब पानी का इंतज़ाम करने का पुण्य कर्म है जो इस देश के सभी लोगों ने किया है. उनको, उनके ज्ञान को और उनके समर्पण को बता सकने वाली एक वही किताब है. आप चाहें तो कलकत्ता का राष्ट्रीय सभागार देख लें. यह किताब भी दूसरी किताबों की तरह ही निकली है. पर्यावरण का अनुपम, अनुपम मिश्र है. उसके जैसे व्यक्ति की पुण्याई पर हमारे जैसे लोग जी रहे हैं. यह उसका और हमारा दोनों का सौभाग्य है.
प्रभाष जोशी (17.10.1993)
अनुपम मिश्र की तालाब साधना
साभार- visfot.com
पर्यावरणविद अनुपम मिश्र बहुत कम लोगों को इस बात की जानकारी होगी कि सीएसई की स्थापना में अनुपम मिश्र का बहुत योगदान रहा है. इसी तरह नर्मदा पर सबसे पहली आवाज अनुपम मिश्र ने ही उठायी थी.
साध्य साधन और साधना लेख को लिखते हुए वे कहते हैं यह न अलंकरण है न अहंकार. अलंकरण और अहंकार से मुक्त अनुपम मिश्र का परिचय देना हो तो प्रख्यात कहकर समेट दिया जाता है. उनके लिए यह परिचय मुझे हमेशा अधूरा लगता है. फिर हमें अपनी समझ की सीमाओं का भी ध्यान आता है. हम चौखटों में समेटने के अभ्यस्त हैं इसलिए जब किसी को जानने निकलते हैं तो उसको भी अपनी समझ के चौखटों में समटेकर उसका एक परिचय गढ़ देते हैं. लेकिन क्या वह केवल वही है जिसे हमने अपनी सुविधानुसार एक परिचय दे दिया है? कम से कम अनुपम मिश्र के बारे में यह बात लागू नहीं होती. वे हमारी समझ की सीमाओं को लांघ जाते हैं. उनको समझने के लिए हमें अपनी समझ की सीमाओं को विस्तार देना होगा. अपने दायरे फैलाने होंगे. असीम की समझ से समझेंगे तो अनुपम मिश्र समझ में आयेंगे और यह भी कि वे केवल प्रख्यात पर्यावरणविद नहीं हैं.
वे लोकजीवन और लोकज्ञान के साधक हैं. अब न लोकजीवन की कोई परिधि या सीमा है और न ही लोकज्ञान की. इसलिए अनुपम मिश्र भी किसी सीमा या परिचय से बंधें हुए नहीं हैं. हालांकि उन्हें हमेशा ऐतराज रहता है जब कोई उनके बारे में बोले-कहे या लिखे. उन्हें लगता है कि उनके बारे में लिखने से अच्छा है उनकी किताब "आज भी खरे हैं तालाब" के बारे में दो शब्द लिखे जाएं. कितने लाख लोग अनुपम मिश्र को जानते हैं इससे कोई खास मतलब नहीं है कितनी प्रतियां इस किताब की बिकी हैं सारा मतलब इससे है. तो क्या अनुपम मिश्र अपनी रॉयल्टी की चिंता में लगे रहनेवाले व्यक्ति हैं जो अपनी किताब को लेकर इतने चिंतित रहते हैं? शायद. क्योंकि उनकी रायल्टी है कि समाज ज्यादा से ज्यादा तालाब के बारे में अपनी धारणा ठीक करें. पानी के बारे में अपनी धारणा ठीक करे. पर्यावरण के बारे में अपनी धारणा ठीक करे. भारत और भारतीयता के बारे में अपनी धारणा शुद्ध करे. अगर यह सब होता है तो अनुपम मिश्र को उनकी रायल्टी मिल जाती है. और किताब पर लिखा यह वाक्य आपको प्रेरित करे कि इस पुस्तक पर कोई कॉपीराईट नहीं है, तो आप इस किताब में छिपी ज्ञानगंगा का अपनी सुविधानुसार जैसा चाहें वैसा प्रवाह निर्मित कर सकते हैं. यह जिस रास्ते गुजरेगी कल्याण करेगी.
1948 में अनुपम मिश्र का जन्म वर्धा में हुआ था.पिताजी हिन्दी के महान कवि. यह भी आपको तब तक नहीं पता चलेगा कि वे भवानी प्रसाद मिश्र के बेटे हैं जब तक कोई दूसरा न बता दे. मन्ना (भवानी प्रसाद मिश्र) के बारे में लिखे अपने पहले और संभवतः एकमात्र लेख में वे लिखते हैं"पिता पर उनके बेटे-बेटी खुद लिखें यह मन्ना को पसंद नहीं था." परवरिश की यह समझ उनके काम में भी दिखती है. इसलिए उनका परिचय अनुपम मिश्र हैं. भवानी प्रसाद मिश्र के बेटे अनुपम मिश्र कदापि नहीं. यह निजी मामला है. मन्ना उनके पिता थे और वैसे ही पिता थे जैसे आमतौर पर एक पिता होता है. बस. पढ़ाई लिखाई तो जो हुई वह हुई. 1969 में जब गाँधी शांति प्रतिष्ठान से जुड़े तो एम.ए. कर चुके थे. लेकिन यह डिग्रीवाली शिक्षा किस काम की जब अनुपम मिश्र की समझ ज्ञान के उच्चतम धरातल पर विकसित होती हो. अपने एक लेख पर्यावरण के पाठ में वे लिखते हैं"लिखत-पढ़तवाली सब चीजें औपचारिक होती हैं. सब कक्षा में, स्कूल में बैठकर नहीं होता है. इतने बड़े समाज का संचालन करने, उसे सिखाने के लिए कुछ और ही करना होता है. कुछ तो रात को मां की गोदी में सोते-सोते समझ में आता है तो कुछ काका, दादा, के कंधों पर बैठ चलते-चलते समझ में आता है. यह उसी ढंग का काम है-जीवन शिक्षा का.
अनुपम मिश्र कौन से काम की चर्चा कर रहे हैं? फिलहाल यहां तो वे पर्यावरण की बात कर रहे हैं. वे कहते हैं "केवल पर्यावरण की संस्थाएं खोल देने से पर्यावरण नहीं सुधरता. वैसे ही जैसे सिर्फ थाने खोल देने से अपराध कम नहीं हो जाते." यानी एक मजबूत समाज में पर्यावरण का पाठ स्कूलों में पढा़ने के भ्रम से मुक्त होना होगा. और केवल पर्यावरण ही क्यों जीवन के दूसरे जरूरी कार्यों की शिक्षा का स्रोत स्कूल नहीं हो सकते. फिर हमारी समझ यह क्यों बन गयी है कि स्कूल हमारे सभी शिक्षा संस्कारों के एकमेव केन्द्र होने चाहिए. क्या परिवार, समाज और संबंधों की कोई जिम्मेदारी नहीं रह गयी है? अनुपम मिश्र के बहाने ही सही इस बारे में तो हम सबको सोचना होगा. अनुपम मिश्र तो अपने हिस्से का काम कर रहे हैं. जरूरत है हम भी अपने हिस्से का काम करें.
अनुपम मिश्र की जिस "आज भी खरे हैं तालाब" किताब का जिक्र मैं ऊपर कर आया हूं उसने पानी के मुद्दे पर बड़े क्रांतिकारी परिवर्तन किये हैं. राजस्थान के अलवर में राजेन्द्र सिंह के पानीवाले काम को सभी जानते हैं. इस काम के लिए उन्हें मैगसेसे पुरस्कार भी मिल चुका है. लेकिन इस काम में जन की भागीदारी वाला नुख्सा अनुपम मिश्र ने गढ़ा. राजेन्द्र सिंह के बनाये तरूण भारत संघ के लंबे समय तक अध्यक्ष रहे. शुरूआत में राजेन्द्र सिंह के साथ जिन दो लोगों ने मिलकर काम किया उसमें एक हैं अनुपम मिश्र और दूसरे सीएसई के संस्थापक अनिल अग्रवाल. सच कहें तो इन्हीं दो लोगों ने पूरे कार्य को वैचारिक आधार दिया. राजेन्द्र सिंह ने जमीनी मेहनत की और अलवर में पानी का ऐसा वैकल्पिक कार्य खड़ा हो गया जो आज देश के लिए एक उदाहरण है. लेकिन अनुपम मिश्र केवल अलवर में ही नहीं रूके. वे लापोड़िया में लक्ष्मण सिंह को भी मदद कर रहे हैं, पहाड़ में दूधातोली लोकविकास संगठन को पानी के काम की प्रेरणा दे रहे हैं और न जाने कितनी जगहों पर वे यात्राएं करते हैं और भारत के परंपरागत पर्यावरण और जीवन की समझ की याद दिलाते हैं. बहुत कम लोगों को इस बात की जानकारी होगी कि सीएसई की स्थापना में अनुपम मिश्र का बहुत योगदान रहा है. इसी तरह नर्मदा पर सबसे पहली आवाज अनुपम मिश्र ने ही उठायी थी.
हाल फिलहाल वे इंफोसिस होकर आये हैं. इंफोसिस फाउण्डेशन ने उनको सिर्फ इसलिए बुलाया था कि वे वहां आयें और पानी का काम देखें. अनुपम जी गये और कहा कि आपके पास पैसा भले बाहर का है लेकिन दृष्टि भारत की रखियेगा. भारत और भारतीयता की ऐसी गहरी समझ के साक्षात उदाहरण अनुपम मिश्र ने कुल छोटी-बड़ी 17 पुस्तके लिखी हैं जिनमें अधिकांश अब उपलब्ध नहीं है. एक बार नानाजी देशमुख ने उनसे कहा कि आज भी खरे हैं तालाब के बाद कोई और किताब लिख रहे हैं क्या? अनुपम जी सहजता से उत्तर दिया- जरूरत नहीं है. एक से काम पूरा हो जाता है तो दूसरी किताब लिखने की क्या जरूरत है.
अनुपम मिश्र को भले ही लिखने की जरूरत नहीं हो लेकिन हमें अनुपम मिश्र को बहुत संजीदगी से पढ़ने की जरूरत है.
अनुपम मिश्र
संपादक, गांधी मार्ग
गांधी शांति प्रतिष्ठान
दीनदयाल उपाध्याय रोड
(आईटीओ)
नई दिल्ली - 110002
फोन-011 23237491, 23236734
अनुपम मिश्र की उपलब्ध पुस्तकें
1. आज भी खरे हैं तालाब
2. राजस्थान की रजत बूंदे
3. साफ माथे का समाज (यह लेख संग्रह पेंगुइन ने प्रकाशित किया है.)
नदी महोत्सव के निष्कर्ष को लागू करेगी सरकार
आशीष बिल्लौरे
होशंगाबाद. अंतरराष्ट्रीय नदी महोत्सव के निष्कर्ष को राज्य सरकार चरणबद्ध ढंग से लागू करेगी। नदियों को प्रदूषण से बचाने के लिए हर संभव प्रयास होंगे। यह बात मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने शनिवार को यहां नदी महोत्सव के शुभारंभ अवसर पर कही।
नर्मदा-तवा संगम पर बांद्राभान में नर्मदा समग्र द्वारा तीन दिवसीय महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। इस कार्यक्रम में देश-विदेश के 500 से अधिक विशेषज्ञ और शोधार्थी शामिल हुए हैं। कार्यक्रम के उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि नदियों का हमारे जीवन में खास महत्व है।
नर्मदा तट से लगे ग्रामीण क्षेत्रों में नर्मदा को मां के समान पूजा जाता है। उन्होंने कहा कि नर्मदा परिक्रमा पथ को विकसित करने के लिए प्रदेश सरकार खास प्रयास कर रही है। परिक्रमा पथ में पुल-पुलिया तथा विश्रामगृह आदि का चरणबद्ध रूप से निर्माण कराया जाएगा।
उद्घाटन सत्र में गांधी शांति प्रतिष्ठान के कार्यकर्ता व पर्यावरणविद् अनुपम मिश्र ने कहा कि नर्मदा का शाब्दिक अर्थ नर्मदा यानी आनंद प्रदान करने वाला होता है। नर्मदा पिछले 30 लाख वर्र्षो से प्रवाहित है और आनंद प्रदान कर रही है। उपभोक्तावाद के इस युग में हमने नदी को मां के स्थान पर दासी समझ लिया है। हम नदियों से अपेक्षा रखते हैं कि वह हमारे खेतों के लिए पानी दे, बिजली बनाए और हमें पीने का पानी दे।
बदले में हम तमाम कूड़ा करकट इसमें डालकर आसपास की सफाई कर लें। इस सोच ने नदियों को प्रदूषित कर रखा है। यदि हमें नदियों को बचाना है तो इसकी पवित्रता बनाए रखनी होगी। प्रख्यात साहित्यकार अमृतलाल बेगड़ ने अपनी रोचक शैली में कहा कि पानी के तीन प्रमुख गुण होते हैं। पहला यह भगवान की तरह अवतरित होता है। आकाश में यह बादलों के रूप में धरती पर नदियों, समुद्रों के रूप में तथा जमीन के नीचे पाताल में भू-गर्भ जल के रूप में होता है। दूसरा पानी महारास रचाता है। पानी का वाष्पीकरण होता है।
हवाओं के साथ मिलकर यह दूर-दूर की यात्रा करता है और फिर वर्षा के रूप में बरस जाता है। नदियों की धारों को रोककर हम इन्हें विनाश की ओर धकेल रहे हैं। इस महोत्सव में हम सभी को ऐसे ही विषयों पर चर्चा करनी है।
अंतरराष्ट्रीय नदी महोत्सव के सूत्रधार अनिल माधव दवे ने कहा कि नदी को जीवमान इकाई के रूप में मानना चाहिए। नदी को जो लोग ‘वाटर बाडी’ मानते हैं उन्हें यह समझना चाहिए कि नदी का अपना जीवन है और वह जीवन देती है। कार्यक्रम में महिला बाल विकास मंत्री कुसुम महदेले, चिंतक गोविंदाचार्य, सांसद सरताज सिंह, रामपाल सिंह, विधायक मधुकर हण्रे, गिरिजाशंकर शर्मा, पापुनि अध्यक्ष विजयपाल सिंह, भंडार गृह निगम अध्यक्ष राजेंद्र सिंह, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड अध्यक्ष एससी गौतम, राजेश गुप्ता, कमिश्नर पुखराज मारू, आईजी प्रदीप रूणवाल, कलेक्टर जीपी तिवारी, एसपी एसके सक्सेना सहित देश-विदेश से आए पर्यावरणविद् और शोधार्थी मौजूद थे।
संवेदनशून्य होता हमारा समाज - अनुपम मिश्र
पर्यावरण दिवस पर ढेर सारे लेख लिखे जाते हैं, प्रदर्शनियाँ लगती हैं, भाषण होते हैं, कहाँ क्या-क्या बिग़ड़ा है, इसकी सूची भी बनती है। लेकिन फिर भी बाकी सालभर इसकी सूची को कम करने की तरफ शायद ही ध्यान जाएगा। जाने-अनजाने सूची को ब़ढ़ाने का काम होता रहता है। जब से पर्यावरण दिवस मन रहा है यानी 1972 से आज तक देश के पर्यावरण को सुधारने की तमाम कोशिशों के बावजूद यह चौतरफा दिन-दूना रात-चौगुना ही बिग़ड़ा है और इस पर टिकी आबादी का जीवन पहले से ज्यादा खतरे में प़ड़ता जा रहा है।
.
इसलिए अब यह सारा मामला प्रदूषण का, पर्यावरण का या संवर्द्धन का उतना नहीं बचा है, जितना कि राजनीति, विकास नीति का और उन तमाम योजनाओं का बनता जा रहा है जो देश को आधुनिक और समृद्ध बनाने के लिए रची जा रही हैं। फिर भी ये देश की आबादी के एक ब़ड़े भाग को पिछ़ड़ा बना रही हैं और न जाने कितने लोगों को पचाती जा रही हैं। सचमुच आज पर्यावरण की चिंता में दुबले हो रहे विभागों, सरकारी, गैर-सरकारी विशेषज्ञों को, काम करने वालों को इस बात का कोई अंदाजा नहीं है कि देश का बिग़ड़ता पर्यावरण कितने लोगों को उखा़ड़ रहा है। विकास करने वालों को तो विकास की कीमत चुकानी ही प़ड़ेगी। कीमत चुकाने वाले कितने लोग हैं, और ये क्या कीमत चुका रहे हैं इसको लोग जानबूझ कर समझना नहीं चाहते। समझने की कोशिश करने की गलती कर बैठें तो विकास का पटरा बैठ जाएगा। विकास की कीमत का एक छोटा लेकिन मोटा अंदाजा 'भोपाल गैस कांड' ने दिया था। कोई 5000 लोग इस हादसे के पहले छः दिन में मारे गए, छः हफ्तों में कोई एक लाख लोग अपना घर-बार छो़ड़ यहाँ से वहाँ भागते फिरे। छः महीने में पता चला कि कोई एक लाख लोगों को बस किसी तरह घुट-घुटकर जिंदा रहना है और बाद में खबरें आई थीं उस पी़ढ़ी की, जो भोपाल गैस कांड के समय पेट में थीं, गैस कांड के बाद जन्मे बच्चों में कोई 200 मरे हुए थे, 400 जन्म के कुछ समय बाद मर गए। जो जिंदा थे वे भी स्वस्थ नहीं हैं।
.
ऐसा नहीं था कि भोपाल से पहले ऐसी घटनाएँ नहीं हुईं, पर वे सब उन आँखों को नहीं दिखती थीं, जो विकास के सावन में अंधी हो चुकी हैं। फिर भी इनके कानों में बिग़ड़ते पर्यावरण का कुछ शोर तो जाता ही है। इसलिए ये सक्रिय हो उठते हैं, देश का पर्यावरण बचाने के लिए। पर्यावरण के विभाग खुलते हैं, पर्यावरण मंत्रालय बनते हैं, ढेरों कायदे-कानून लिखे जाते हैं, संवर्द्धन की अनेक योजनाओं का उद्घाटन होता है। दिवस मनाए जाते हैं, पर साल के दिन ज्यों के त्यों रहते हैं।
.
आधुनिक विकास आज एक राजयक्ष्मा, राजयोग और आसान शब्दों में कहें तो तपेदिक की बीमारी की तरह लोगों को तिल तिल खा रहा है, गला रहा है, कभी-कभी ज्यादा हल्ला मच जाए तो विकास वाले उदारतापूर्वक इस रोग का इलाज करने के लिए राजवैद्य नियुक्त कर देते हैं। हमीं ने दर्द दिया हमीं दवा देंगे। ये दवाएँ कैसी हैं? भोपाल कांड के बाद आस्था अभियान, पूरे देश में वनों को बर्बाद करने के बाद वनीकरण, सामाजिक वानिकी के नाम पर सफेदे (यूकेलिप्टस) के पे़ड़ लगाना? देशभर की नदियों को सारे शहर और उद्योग अपना कचरा ठिकाने लगाने का सबसे सस्ता माध्यम मान चुके हैं। इसके खिलाफ कुछ हल्ला होने लगे तो केंद्रीय और राज्य स्तरीय जल प्रदूषण निराकरण और नियंत्रण बोर्ड बन जाते हैं।
.
प्रायः विरोधी दल को किसानों की समस्याएँ साफ दिखने लगती हैं, लेकिन जब वही दल सत्तारू़ढ़ होता है तो वही इन बाँधों को वरदान कहने लगता है। लेकिन कोई भी ऐसी योजनाओं को अभिशाप कहने वाली कुर्सी पर बहुत नहीं बैठना चाहता। इस आधुनिक माने जाने वाले विकास के कारण प्रकृति पर प्राकृतिक साधनों पर, और इन साधनों पर आबादी के जिस ब़ड़े भाग का पूरा जीवन टिका है, उस पर चारों ओर से हमला हो रहा है। पहला हमला हर तरह के उद्योग के भीतर काम करने वाले मजदूर पर है। दूसरा हमला उस उद्योग से निकलने वाले कचरे, गंदे पानी, गंदी हवा का आसपास के नागरिकों पर है। तीसरा हमला उन उद्योगों में बन रहे तैयार माल के उपभोक्ताओं पर है। चौथा हमला उन असंख्य लोगों पर है, जो वहाँ बसे हैं जहाँ से इन उद्योगों को चलाने के लिए कच्चा माल आता है।
.
पर्यावरण पर इस हमले में कुछ संगठन तो शुद्ध 'रेडक्रॉस' किस्म के हैं। वे घायलों की दवा-दारू और मरहम पट्टी करने में लगे हैं। पर यह काम भी अब पूरी तरह से नहीं हो पाता। पहले यह काम पर्यावरण के लिए काम कर रही कुछ गैर सरकारी संस्थाओं ने निभाया। पिछले दौर में इन छोटे-छोटे संगठनों ने विकास के कारण बिग़ड़ रहे पर्यावरण की कीमत चुका रहे लोगों का सवाल उठाया। शायद इससे कुछ ताकत भी संगठित होती दिखी, पर फिर अचानक देश की सबसे ब़ड़ी अदालत के दरवाजे गरीब के लिए अचानक खुल गए। तब से पी़िड़तों के ज्यादातर मामले स्थानीय स्तर पर संगठित होने के बदले ब़ड़ी कचहरी में आने लगे। उन दिनों इनमें सबसे ज्यादा नाम पाया था रतलाम के एक मुकदमे ने।
.
रतलाम के वार्ड नंबर 12 के नागरिकों ने नगरपालिका की घोर उदासीनता के कारण बिग़ड़ रहे पर्यावरण को लेकर दिल्ली की अदालत में न्याय पाने के लिए घंटा बजाया था। न्यायमूर्ति कृष्ण अय्यर और न्यायमूर्ति चिन्नापा रेड्डी ने इस मामले पर अपना अमर फैसला सुनाया और एक टुच्ची नगर पालिका समेत महान मध्यप्रदेश को भी दोषी पाया। अपने ऐतिहासिक क़ड़े फैसले में उन्हें जोरदार ढंग से लता़ड़ा और तुरंत इस अन्याय को ठीक करने के आदेश दिए। यह 1980 का किस्सा है। कई लोगों को लगा कि अब उनके पास प्रदूषण फैलाने वालों को पीटने के लिए सुप्रीम कोर्ट की छ़ड़ी आ गई है। इसके बाद तो सुप्रीम कोर्ट में ऐसे मुकदमों का ढेर लग गया। मंदसौर में स्लेट-पेंसिल की छोटी-छोटी फैक्टरियों में पेंसिल काटने से उ़ड़ने वाली धूल के कारण मर रहे मजूदरों, ब़ड़े-ब़ड़े बाँधों, बिजलीघरों में विस्थापित हो रहे लोगों, प्रदूषित नदियों के किनारों पर बसे नागरिकों की आवाज वहाँ उठाई गई। लेकिन क्रांतिकारी और ऐतिहासिक माने गए फैसलों का अमल एक दूसरा ही दुखद किस्सा है। रतलाम में आज परिस्थितियाँ पहले से भी भयानक हो गई हैं।
भोपाल गैस हत्याकांड से पहले हमारे देश में कभी भी यह बहस नहीं उठ पाई कि की़ड़ेमार दवाएँ सचमुच जरूरी हैं या नहीं। आधुनिक विकास हमारी अच्छी से अच्छी पद्धति या चीज के बारे में हमारे मन में सेंध लगा देता है, चाहे वे पीने के पानी जुटाने वाले परंपरागत तरीके हों, घर में बनाने वाली परंपरागत सामग्री हो, बेरोकटोक ठीक फसल देने वाले बीज हों, बाजार पर न निर्भर रहने वाली पूरी कृषि पद्धति हो, माँ के स्तन का दूध हो, सब चीजों के बाजारू विकल्प दिए बिना विकास नहीं होता और ऐसा विकास कुछ लोगों के लिए सोने के सुनहरी फीतों में लिपटा हुआ है। वे इन फीतों को खोलते जाते हैं और लाभ कमाते जाते हैं।
यही आधुनिक विकास की सबसे ब़ड़ी जीत है। दूसरी तरफ इस विकास में हर तरफ छिपे धोखे और खतरे से बचने की भी कोशिश हो पाए, इसके लिए कुछ लाल फीते बाँध दिए जाते हैं, इन लाल फीतों को न खोलने की कोशिश में वे सभी लोग लगे हैं तो इनके सुनहरे फीते खोल रहे हैं। इसमें देश का नेतृत्व, नौकरशाही, विज्ञान और तकनीक के लोग, सामाजिक संस्थाएँ, शिक्षण संस्थाएँ आदि हैं। कहीं तो कोई उँगली उठाए इस विकास पर और उठाना भी चाहे तो एक दिवस दिया जा सकता है। 364 दिन नहीं।
(लेखक पर्यावरणविद् हैं।)
साभार- वेब दुनिया